
एक तरफ केन्द्र तथा राज्य सरकारें कोरोना वायरस पर काबू पाने के हर संभव प्रयास कर रहीं हैं, वहीं, कोरोना संदिग्ध जांच से बच निकलने के जतन कर रहे हैं। ये संदिग्ध भाग-भागकर इस घातक वायरस को और फैलाते जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केरल के एक अस्पताल से कोरोना वायरस का टेस्ट छोड़कर भागे अमेरीकी कपल को पकड़ लिया गया है। दंपति की जांच में कोरोना वायरस के लक्षण देखे गए थे। इसके बाद दोनों को कोरोना वायरस से जुड़ी जांच करवाने को कहा गया था। दंपति बिना कोरानो वायरस की जांच कराए ही अस्पताल से निकल गया। उसे आखिर कोच्चि इंटरनेशनल हवाई अड्डे से पकड़ लिया गया।
वहीं, बेंगलुरू में एक शख्स में कोरोना वायरस होने की पुष्टि होने के बाद हनीमून से लौटी पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके भाग गई। इटली से हनीमून मनाकर लौटी महिला पति में कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाने के बाद इस कदर दहशत में आ गई कि वह बेंगलूरू से फ्लाइट पकड़कर सीधे दिल्ली पहुंची और वहां से ट्रेन से अपने मायके आगरा चली गई। ये जानकर बेंगलुरु से लेकर आगरा तक प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। संदेह जताया जा रहा है कि कोरोना से पीड़ित महिला के संपर्क में आने से फ्लाइट और ट्रेन में उससे कई लोग संक्रमित हो गए होंगे, जिसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
उधर, नागपुर के मायो हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड से भागे पांच संदिग्धों में से तीन वापस लौट आए हैं। ये लोग नाश्ता करने बाहर गए थे, जिसके बाद दोबारा नहीं लौटे थे। अब आईसोलेशन वॉर्ड के बाहर पुलिस को भी सुरक्षा में तैनात कर दिया है। शुक्रवार रात को कोरोना वायरस से संदिग्ध इन पांच लोगों की मायो हॉस्पिटल से भागने की सूचना मिली थी। इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को दी थी। पुलिस ने सभी संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस कर ली। ये सभी मरीज जिन लोगों के संपर्क में आए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है।
इसी प्रकार पंजाब में विदेश से लौटे दो सौ से अधिक लोगों के गायब होने का समाचार हैं। प्रशासन उनकी तलाश में जुटा है।