भारत-पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले के लिए देशवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम की हौसला-अफजायी के लिए राजमोहल्ला स्थित खालसा कॉलेज में 7700 वर्ग फीट की 3डी रंगोली बनाई गई है। इसमें भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की तस्वीर उकेरी गई है। इसे बनाने में करीब 3000 किलो रंग का इस्तेमाल किया गया।
रंगोली को इंदौर की रहने वाली शिखा शर्मा और उनकी 20 सदस्यीय टीम ने तैयार किया है। शिखा कहती हैं कि टीम इंडिया का यह मुकाबला रोमांचक होने वाला है। इस वजह से हमारे सदस्यों ने रंगोली के जरिए टीम इंडिया को बेस्ट ऑफ लक का मैसेज भी दिया है। इस रंगोली को वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भेजा जाएगा। शिखा शर्मा और उनकी टीम ने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी मां हीराबेन द्वारा लड्डू खिलाते हुए 3डी रंगोली बनाई थी। यह रंगोली 7100 वर्ग फीट एरिया में थी। इसे बनाने में 1960 किलो रंग लगा था। इसके अलावा शिखा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और राम मंदिर की भी 3डी रंगोली बना चुकी हैं।
