राजस्थान सरकार ने प्रदेश में 10 हजार 157 कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती करने की घोषणा के बाद भर्ती परीक्षा का सिलेबस भी जारी कर दिया। किंतु भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर कोई गाइडलाइन जारी नहीं की है। छात्रों के साथ राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड भी सरकार के आदेश के इंतजार में है।
राजस्थान के बेरोजगारों के लंबे विरोध के बाद कैबिनेट ने प्रदेश में पहली बार कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के पदों पर भर्ती करने का फैसला किया था। 18 अक्टूबर को सरकार ने कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को नोडल एजेंसी भी बना दिया है। लेकिन अभीतक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर कोई दिशा-निर्देश नहीं दिए हैं। इसकी वजह से राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अधिकारी भी भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी नहीं कर रहा है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड ने भर्ती परीक्षा के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जब तक सरकार का रुख स्पष्ट नहीं होगा, तब तक भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी नहीं जा सकती है।
भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी होने के 3 महीने बाद ही परीक्षा का आयोजन किया जा सकेगा। जाहिर है, भर्ती परीक्षा कुछ महीने और आगे खिसक जाएगी। इसका सीधा नुकसान कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यार्थियों को उठाना पड़ेगा। ऐसा भी होगा कि जब तक विज्ञप्ति जारी हो, कई अभ्यर्थी उस आयु सीमा में फिट न हों।
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा कि बेरोजगारों के लंबे संघर्ष के बाद सरकार ने कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा शुरू करने का फैसला किया था। अब भी सरकार विज्ञप्ति जारी करने में देरी कर रही है। इसका नुकसान प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को उठाना पड़ रहा है। उपेन ने कहा कि सरकार सिर्फ घोषणाएं कर युवाओं को भ्रमित करने का काम कर रही है। अगर समय रहते भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी नहीं हुई, तो सरकार को प्रदेश के बेरोजगार करारा जवाब देंगे।
शिक्षा विभाग ने बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक के 9862 और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक के 295 पदों पर भर्ती निकाल दी है। बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक जिला स्तर पर पे मेट्रिक्स लेवल एल-8 में लगाए जाएंगे। वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक राज्य स्तर पर लेवल एल-10 में भर्ती किए जाएंगे। बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक के लिए वेतनमान और वांछित योग्यता सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में सूचना सहायक के पद के समकक्ष होगी। वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक के लिए वेतनमान और योग्यता सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक प्रोग्रामर पद के समकक्ष होंगी।
