राजस्थान के नागौर में चौंकाने वाली खगोलीय घटना का वीडियो सामने आया है। यहां आसमान से जमीन पर आग के गोले गिरते देखे गए। इसे उल्का पिंड या टूटता तारा कहते हैं, लेकिन इनमें से ज्यादातर जमीन पर पहुंचने से पहले ही हवा में जलकर नष्ट हो जाते हैं। पहली बार लोगों ने इन्हें जमीन से टकराते हुए देखा।
इस घटना का वीडियो लद्दाख स्थित इंडियन एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरी भेजा गया। वहां के वैज्ञानिक इसे देखकर दंग रह गए। उन्होंने बताया कि ये कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि बड़ी खगोलीय घटना है।
वाकया नागौर जिले के बड़ायली गांव का है। वहां लोगों ने बताया कि देर रात अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ चमकती हुई रोशनी दिखी। दो दिन पहले देर रात हुई यह पूरी खगोलीय घटना खेत के सामने बने एक होटल के सीसीटीवी में कैद हुई। वीडियो में दिख रहा है कि आसमान में पहले तेज रोशनी होती है। इसके बाद तेज धमाके के साथ जलते गोले जमीन पर गिर जाते हैं। यह उल्का पिंड था, जो जलता हुआ एक खेत में जा गिरा। हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है, न ही मौके पर इसके निशान मिले हैं।
इस पूरी घटना का वीडियो लेह-लद्दाख में इंडियन एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरी हेड को भेजा गया। पहले उन्होंने बताया कि इस तरह की घटना होती रहती हैं, जो सामान्य हैं। लेकिन जब उन्होंने ये वीडियो देखा तो चौंक गए। उन्होंने बताया कि ये नॉर्मल क्वाड्रेटिड्स शावर (उल्का पिंड) से काफी बड़ा था। गनीमत थी कि ये हवा में ही फट गया। उन्होंने बताया कि इस वीडियो के आधार पर उन्होंने रिसर्च शुरू कर दी है। रिसर्च पूरी होते ही इसकी जानकारी वे देंगे।
ऐसी ही घटना फरवरी 2020 में जालोर जिले के सांचौर में सामने आई थी। 2.778 किलोग्राम वजनी उल्का पिंड जमीन से टकरा गया। जहां ये आकर गिरा था, वहां 5 फीट का गड्ढा हो गया। इस घटना में पिंड का धातु की तरह दिखने वाला एक टुकड़ा भी मिला था, जो काफी गरम था।
