
अलवर में 14 साल की लड़की से गैंगरेप की घटना ने राजस्थान को झकझोर दिया है। पीड़ित बोल नहीं पाती। उसे सुनने में भी दिक्कत है। जयपुर में उसका इलाज चल रहा है। बुधवार को ऑपरेशन के बाद मंत्री और अफसर उससे मिलने पहुंचे, लेकिन हालत देखकर सहम गए। अपनी पीड़ा बताने के लिए बच्ची के पास सिर्फ दो शब्दों का ही सहारा है। वो है- ‘मां’ और ‘पा’। वह इससे ज्यादा बोल ही नहीं पाती।
अलवर में पुलिस कई सीसीटीवीफुटेज खंगाल चुकी है, लेकिन आरोपियों तक पहुंचने में कामयाबी नहीं मिली है। अब उसे इंतजार है कि लड़की का इलाज हो जाए तो उसके इशारों से बदमाशों का हुलिया जानने की कोशिश की जाए। पीड़ित के माता-पिता भी जयपुर में हैं। उनके इशारों को वह थोड़ा अच्छे से समझ सकेगी। उन्हीं की मदद से पुलिस जानकारी लेने की कोशिश कर रही है। रेप के दौरान दरिंदों ने लड़की के प्राइवेट पार्ट में धारदार हथियार से गहरा घाव कर दिया है। 5 डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बच्ची की जान बचाई है। जयपुर में जेके लोन अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद शुक्ला ने बताया कि 15 वर्षीय पीडि़ता को परिजन रात 1.15 बजे अस्पताल लेकर आए। उस वक्त उसको काफी ब्लीडिंग हो रही थी और दर्द से कराह रही थी, सदमे के साथ वह काफी डरी हुई थी। उसे तीन यूनिट रक्त चढ़ाया गया। सुबह 11 बजे उसे सर्जरी के लिए लाया गया। दोपहर 2.30 बजे तक सर्जरी चली, जिसमें प्लास्टिक सर्जन भी थे। पीडि़ता के काफी गहरा घाव था। उसकी सर्जरी की गई है। अभी कई हफ्ते तक ऐसे रखा जाएगा। उसकी हालत स्थिर है, लेकिन डरी हुई है।