रीट पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को आज जयपुर में पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करते वक्त कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां बरसाईं गईं। कार्यकर्ता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के नेतृत्व में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उनको पुलिस ने सिविल लाइंस फाटक से पहले ही रोक दिया। आंदोलनकारियों के बैरिकेड्स पर चढ़ने पर पुलिस ने लाठियां मारकर खदेड़ दिया। सतीश पूनिया, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु शर्मा समेत कई युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। लाठीचार्ज में 2 दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
रीट पेपर लीक मामले के तार राजीव गांधी स्टडी सर्किल से जुड़ने के बाद भाजपा इस मुद्दे पर हमलावर हो गई है। सतीश पूनिया ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार की कमजोर शासन व्यवस्था के कारण बार-बार युवाओं के सपनों पर पानी फिर रहा है। रीट से पहले कॉन्स्टेबल, लाइब्रेरियन, जेईएन जैसी परीक्षाओं के भी पेपर लीक हुए थे, लेकिन ज्यादातर मामलों में कार्रवाई नहीं की गई।
गहलोत सरकार इस मामले में 36 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी पेपर लीक नहीं मान रही। मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए भाजपा युवा मोर्चा ने आज सीएम निवास पर प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा था, लेकिन पुलिस ने लाठीचार्ज कर सबको खदेड़ दिया। भाजपा युवा मोर्चा ने जयपुर के अलावा बाकी संभाग मुख्यालयों और जिला मुख्यालयों पर भी धरने-प्रदर्शन किए।

