
भारत रत्न लता मंगेशकर के सम्मान में सरकार ने डाक टिकट जारी करने का फैसला लिया है। इस बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को ऐलान किया। इसके लिए कुछ डिजाइन भी प्रपोज किए गए थे, इस पर काम शुरू हो गया है। लता मंगेशकर का निधन 6 फरवरी को हो गया था। उन्हें कोरोना संक्रमण हुआ था और वे करीब 28 दिन तक हॉस्पिटल में भर्ती रही थीं। मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनकी मौत हो गई थी।
इसबीच पाकिस्तान की सूफी सिंगर आबिदा परवीन ने लता दीदी को अपने अंदाज में याद किया है। आबिदा ने कहा- मैं तो उनके कदमों में गिर पड़ी थी। उन्हें देखने के बाद मेरी आंखों से आंसू नहीं रुक रहे थे। उस आत्मा को तो खुद खुदा ने हमारे लिए बनाया था। खुदा का यह तोहफा दीदी ने दुनिया में तकसीम (बांट) कर दिया।पाकिस्तान की कई मशहूर हस्तियों ने लता दीदी को याद किया। चाहे वो सियासतदान हो, बिजनेसमैन हों या फिर फिल्मों से जुड़े लोग हों। हर पाकिस्तानी के लिए लता दीदी उतनी ही अहम थीं, जितनी हिंदुस्तानियों के लिए।