
यूक्रेन के खार्किव में रूसी गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, गहरे दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खार्किव में हुई गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई। मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। मृतक छात्र का नाम नवीन कुमार बताया जा रहा है, जो कि कर्नाटक के चालगेरी का रहने वाला था। नवीन खाना लेने वालों की कतार में खड़ा था। तभी गोलाबारी शुरू हो गई।
इसबीच, यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थिति बिगड़ती देखभारतीय दूतावास की ओर से वहां फंसे अपने लोगों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की गई है,जिसमें कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिक और छात्र आज ही कीव को छोड़ दें। भारतीय जिस हाल में हैं, उसी स्थिति में तुरंत शहर से बाहर निकल जाएं।वे पहले से उपलब्ध ट्रेनों के माध्यम से या किसी अन्य उपलब्ध साधन से बाहर चले जाएं।
खार्किवमें रूसी सैनिकों ने पॉवर सब-स्टेशनों को उड़ाना शुरू कर दिया है।87 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।खार्किव के मेयर इगोर तेरखोव ने कहा, खार्किव में जो हो रहा है वह नरसंहार है। यह एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि लोगों को समाप्त करने के लिए एक युद्ध है। पूरी दुनिया के खिलाफ एक अपराध है।