
रूस के खिलाफ यूक्रेन की सेना में एक भारतीय छात्र भी शामिल हो गया है।तमिलनाडु के कोयंबटूर के रहने वाले 21 साल के सैनिकेश रविचंद्रन अब रूस के खिलाफ लोहा लेते नजर आएंगे। वह जंग शुरू होने के बाद यूक्रेनी सेना में शामिल हो गए हैं। इस बात की जानकारी
सैनिकेश के माता-पिता को भी नहीं थी किउनके बेटे ने यूक्रेन सेना जॉइन कर ली है। सैनिकेश पहले से ही एक योद्धा बनना चाहते थे। उन्होंने भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए भी आवेदन दिया था।
सैनिकेश रविचंद्रन पढ़ाई के सिलसिले 2018 में यूक्रेन गए थे। वह खारकीव में नेशनल एयरोस्पेस यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहे थे। जुलाई, 2022 में उनकी पढ़ाई पूरी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही रूस ने यूक्रेन पर हमला बोल दिया। इस हमले ने यूक्रेन में हर किसी की जिंदगी बदल दी। रूसी हमलों में सैनिकेश का संपर्क भी अपने घर और माता-पिता से टूट गया। सैनिकेश की कोई जानकारी न मिलने पर उनके माता-पिता ने यूक्रेन में भारतीय दूतावास में संपर्क किया।
जब दूतावास ने पता लगाया तो चौंकाने वाला सच सामने आया। मिली जानकारी के अनुसार सैनिकेश अब यूक्रेनी सेना का हिस्सा है। सैनिकेश ने बताया किवह रूस के खिलाफ जंग लड़ने के लिए यूक्रेनी सेना में शामिल हुआ है। सैनिकेश के माता-पिता की मानें तो उनके बेटे को शुरू से ही सेना में भर्ती होना था। वो बॉर्डर पर लड़ना चाहता था। इसके लिए उसने भारतीय सेना में शामिल होने के लिए भी आवेदन किया था, लेकिन उसके आवेदन को अस्वीकार्य कर दिया गया था।