पंजाब विधानसभा चुनावों में एकतरफा जीत के बाद आज राज्य सरकार का गठन हो गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान की टीम के दस मंत्रियों ने शपथ ली। फिर पहली कैबिनेट मीटिंग में ही 25 हजार नौकरियां का बड़ा फैसला लिया गया। मान ने तीन दिन पहले 16 मार्च को भगत सिंह के गांव में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
शपथ लेने के बाद से ही मुख्यमंत्री मान एक्शन में नजर आ रहे हैं। अब उन्होंने नए मंत्रियों के साथ पहली कैबिनेट मीटिंग में 1 महीने के अंदर 25 हजार सरकारी नौकरियों का ऐलान कर दिया। इसमें 10 हजार पद पुलिस विभाग के होंगे, जबकि 15 हजार पद अन्य विभागों के होंगे। इन भर्तियों में बोर्ड और कॉर्पोरेशन विभाग के पद भी भरे जाएंगे। बताया जा रहा है कि राज्य की नई सरकार जून महीने में अपना पहला बजट पेश करेगी।
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में एक महिला समेत आम आदमी पार्टी (आप) के दस विधायकों को शामिल किया गया। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने दिल्ली स्थित पंजाब भवन में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन 10 मंत्रियों में से आठ पहली बार विधायक बने हैं। सभी ने पंजाबी भाषा में शपथ ली।
जंडियाला से हरभजन सिंह, मानसा से डॉ विजय सिंगला, भोआ से लाल चंद, बरनाला से गुरमीत सिंह मीत हेयर, अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, पट्टी से लालजीत सिंह भुल्लर, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर जिंपा और आनंदपुर साहिब से हरजोत सिंह बैंस ने शपथ ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (शिअद)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-पंजाब लोक कांग्रेस-शिअद (संयुक्त) गठबंधन को पछाड़ते हुए 92 सीटें हासिल की हैं।
