
भरतपुर में दहेज का सामान पसंद नहीं आने पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर लड़के और उसके परिवार ने लड़की के पिता पर पत्थर फेंके और उनके साथ गाली-गलौज की। लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की 21 अप्रैल को शादी होनी है, लेकिन लड़के वाले पहले दिए गए दहेज के सामान को घटिया बताकर शादी से इंकार कर रहे हैं। पीड़ित पिता ने इस सबंध में एफआईआर दर्ज कराई है।
मामला शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र का है। कृषि अनुसंधान विभाग, भरतपुर के टेक्निकल अधिकारी गोविंद प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी नेहा की ब्रज नगर में रहने वाले लखन सिंह के बेटे सोनवीर चौधरी के साथ 21 अप्रैल को शादी होनी है। मंगलवार को वे अपने रिश्तेदारों के साथ लगन लेकर लड़के वालों के घर पहुंचे थे, लेकिन लड़के वालों ने गेट लॉक कर दिया। इसके बाद घर के अंदर से पत्थर फेंके और गाली-गलौज की।जब उन्होंने कारण जानना चाहा तो लड़के वालों ने कहा कि आपने दहेज का कचरा सामान दिया है, यह हमारे लायक नहीं है। लड़के वालों ने कहा कि दहेज कम है, सामान अच्छा नहीं दिया। अच्छा दहेज दो। गोविंद प्रसाद ने बताया कि कितना दहेज चाहिए, यह तो वे बोल नहीं पाए, लेकिन कहा कि हमारे हिसाब से ठीक दहेज नहीं दिया।
नेहा के पिता गोविंद प्रसाद ने बताया कि लड़की वालों के घर दहेज का सामान दस दिन पहले ही पहुंचा दिया। उन्होंने दहेज में एसी, कूलर, फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, ड्रेसिंग टेबल, डबल बेड व अन्य सामान दिया है।इसके बाद आज तक लड़के वालों ने सामान को लेकर कोई शिकायत नहीं की। गोविंद प्रसाद ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा था। लड़का-लड़की दोनों पक्ष की ओर से शादी के कार्ड छप गए थे, घर रिश्तेदारों से भरा हुआ है।
नेहा और सोनवीर की सगाई पिछले साल 7 फरवरी को हुई थी। इसके कुछ दिन बाद 22 अप्रैल 2021 को रिंग सेरेमनी व गोद भराई का कार्यक्रम हुआ। सॉफ्टवेयर इंजीनियर सोनवीर पुणे में एक कंपनी में काम करता है। नेहा ने कॉमर्स में मास्टर्स की है।रिश्ता तय होने के बाद से दोनों के परिवार भी बेहद खुश थे। सोनवीर व नेहा ने उदयपुर और राजस्थान की कई लोकेशन पर प्री-वेडिंग शूट भी कराया। सब कुछ ठीक चल रहा था। सोशल मीडिया पर प्री वेडिंग शूट के वीडियो और फोटो डालकर 7 दिन बाकी, 5 दिन बाकी के मैसेज डाले जा रहे थे।
गोविंद प्रसाद ने मथुरा गेट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। वहां से पीड़ित पक्ष को महिला थाना भेजा गया है। जब इस बारे में लड़के वालों का पक्ष जानना चाहा तो घर के अंदर मौजूद महिलाओं ने न तो गेट खोला और न ही बात की।