जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे पर जयपुर की युवती से रेप के आरोप में दिल्ली पुलिस की एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी सियासत गर्मा गई है। पार्टी का विरोधी खेमा सक्रिय हो गया है। इस खेमे ने कांग्रेस हाईकमान तक पूरे मामले के दस्तावेज पहुंचा दिए हैं। कांग्रेस हाईकमान मुख्यमंत्री से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करने की तैयारी में हैं। इधर महेश जोशी पर इस्तीफे का दबाव बढ़ने लगा है। बताया जाता है कि रोहित जोशी के गिरफ्तार होने पर महेश को इस्तीफा देने की सलाह दी है। जोशी इस्तीफे की पेशकश कर भी सकते हैं।
इसबीच, ओसियां से कांग्रेस विधायक और पूर्व जलदाय मंत्री महिपाल मदेरणा की बेटी दिव्या मदेरणा रोहित जोशी के खिलाफ और पीड़िता के पक्ष में उतर आईं है। दिव्या ने चार ट्वीट करके राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़िता के परिवार को सुरक्षा देने की पैरवी की है। उन्होंने राजस्थान में केस दर्ज नहीं करने पर भी सवाल उठाए हैं। दिव्या के रूख को महेश जोशी पर इस्तीफा देने का दबाव बनाने से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जलदाय की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान मंत्री महेश जोशी को जमकर घेरते हुए उन्हें रबर स्टैंप तक बता दिया था। दिव्या उन्हीं महिपाल मदेरणा की बेटी हैं, जिनको चर्चित भंवरी देवी हत्याकांड में सजा पाने पर गहलोत के पिछले कार्यकाल में मंत्री पद छोड़ना पड़ा गया था। अब दिव्या मंत्री पद त्यागने का दबाव महेश जोशी पर बना रही हैं।
मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ ऐसे समय रेप का मामला दर्ज हुआ है, जब कांग्रेस का उदयपुर में 13 से चिंतन शिविर हो रहा है। नैतिक के आधार पर राजस्थान कांग्रेस के लिए यह प्रकरण फजीहत का कारण बन गया है। बताते हैं कि महेश जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलकर चर्चा की है। महेश जोशी और उनके समर्थक लगातार डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं।
सीएम अशोक गहलोत के पिछले कार्यकाल में इसी तरह के विवाद में दो मंत्रियों के इस्तीफे हुए थे। उस समय बाबूलाल नागर और महिपाल मदेरणा पर रेप के आरोप लगे थे। दोनों को इस्तीफा देना पड़ा था। महेश जोशी पर खुद पर आरोप नहीं है लेकिन बेटे पर आरोप हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार महेश जोशी के बेटे पर आरोप लगने से कांग्रेस पार्टी बैकफुट पर है। रोहित जोशी कांग्रेस में एक्टिव है और पीसीसी मेंबर है। गिरफ्तारी पर पार्टी रोहित जोशी को निष्कासित कर सकती है।
