
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को दूसरी शादी करने जा रहे हैं। उनकी होने वाली पत्नी डॉक्टर गुरप्रीत कौर हैं। शादी की रस्में चंडीगढ़ स्थित सीएम हाउस में होंगी। 48 साल के भगवंत मान का 2015 में पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर से तलाक हो गया था, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर अमेरिका चली गई।
पहली पत्नी से मान के 2 बच्चे हैं। वे मान के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में आए थे। सीएम मान के लिए डॉ. गुरप्रीत कौर को परिवार ने चुना है। डॉ. गुरप्रीत कौर की मान की बहन मनप्रीत कौर से पहले से जान-पहचान है। उनका परिवार में पहले से आना-जाना था। परिवार के कहने पर सीएम मान ने शादी के लिए सहमति दी।
भगवंत मान पंजाब के सफल कॉमेडियन रहे हैं। उनकी इंद्रप्रीत कौर से शादी हुई थी। मान 2012 में राजनीति में आए थे। पहले मनप्रीत बादल की पंजाब पीपुल्स पार्टी से जुड़े। 2012 में उन्होंने लेहरागागा से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। हालांकि, 2014 में उन्होंने आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली। उन्हें संगरूर से टिकट मिला। तब उनकी पत्नी रहीं इंद्रप्रीत कौर ने भी प्रचार किया। हालांकि, सांसद बनने के बाद मान के पत्नी के साथ रिश्ते बिगड़ते चले गए। इस बारे में खुद मान ने भी जिक्र किया कि वे परिवार को वक्त नहीं दे पा रहे हैं।
इससे पहले भगवंत मान ने अपने तलाक के बारे में कहा था कि उन्हें परिवार या पंजाब में से किसी एक को चुनना था। उन्होंने पंजाब को चुना। उन्होंने अपने बेटे दिलशान और बेटी सीरत की तारीफ भी की थी। मान ने अपनी पहली पत्नी की भी तारीफ की थी कि उसने बहुत अच्छे ढंग से बच्चों को बड़ा किया है। सूत्रों के अनुसार भगवंत मान किसी साधारण घर की लड़की से विवाह कर रहे हैं, जिन्हें उनकी मां और बेटी भी बहुत अच्छे ढंग से जानती हैं। सांसद राघव चड्ढा शादी की व्यवस्था संभाल रहे हैं। शादी में पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी परिवार समेत शामिल होंगे।