
कोटा पुलिस के एक नोटिस से मूर्तिकारों को चिंता में डाल दिया है। नोटिस में गणेश चतुर्थी, अनंत चतुर्दशी और दुर्गा पूजा पर पीओपी से मूर्ति बनाएं जाते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही मूर्तियों की ऊंचाई 3 फीट से अधिक नहीं रखने के निर्देश दिए हैं। मूर्ति बनाने वालों का कहना है कि मिट्टी की मूर्ति 3 फीट से छोटी नहीं बन सकती।
जवाहर नगर थाना पुलिस द्वारा मूर्तिकारों को भेजे गए नोटिस में लिखा- आगामी गणेश चतुर्थी, अनंत चतुर्दशी और दुर्गा पूजा पर्वो पर गणेश, दुर्गा की प्रतिमा/मूर्तियां बनाई जाएगी। उक्त प्रतिमाओं, मूर्तियों का विसर्जन चंबल नदी और किशोर सागर तालाब में किया जाता है, जिससे जल प्रदूषित होता है, तथा जलीय जीव जंतुओं पर प्रभाव पड़ता है। लिहाजा वे प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की मूर्तियां नहीं बनाएं। यदि कोई प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां बनाता हुआ पाया जाता है, तो मूर्तियां जब्त कर नियम अनुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मिट्टी की मूर्तियों की ऊंचाई 3 फीट से अधिक नहीं होगी। आने वाले दिनों में गणेश चतुर्थी, अंनत चतुर्दशी तथा दुर्गा पूजा पर्व है। त्योहार से कई दिन पहले गणपति, दुर्गा की प्रतिमाएं बनानी शुरू हो जाती हैं। कलाकार छोटी से लेकर 10 से 12 फीट की प्रतिमाएं बनाने के काम में जुट जाते हैं। ऐसे में 3 फीट से अधिक ऊंचाई नहीं रखने के आदेश ने उन्हें चिंता में डाल दिया है। कलाकारों का कहना है कि मिट्टी की प्रतिमा 3 फीट से नीचे नहीं बन सकती। 3 फीट से अधिक ऊंचाई नहीं रखने के मामले में मूर्तिकार विरोध जताने का मानस बना रहे हैं। क्योंकि उनके द्वारा कई मूर्तियां बनाई जा चुकी है। उनका रंग रोगन बाकी है। मूर्तिकार हिंदू संगठनों से सम्पर्क कर विरोध की तैयारी में लगे है।