राजस्थान के जोधपुर शहर में गैस सिलेंडर फटने से 4 लोगों की मौत हो गयी है। इस हादसा से कीर्तिनगर का पूरा इलाका दहल गया। जानकारी के अनुसार कीर्ति नगर में एक के बाद एक 6 गैस सिलेंडर फटने से 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत तथा 16 लोग के घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि इस धमाके में कई गाड़ियां भी जल गईं हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना जोधपुर के माता का थान क्षेत्र में मंगरा पूंजला इलाके की एक कॉलोनी में दोपहर को हुई। गैस के सिलेंडर फटने से वहां आग लग गयी।
इस घटना पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- जोधपुर में मगरा पूंजला एरिया के कीर्ति नगर में गैस सिलेंडर फटने से 4 लोगों की मृत्यु एवं कई लोगों के घायल होने की जानकारी बेहद दुखद है। स्थानीय प्रशासन से पूरी घटना की जानकारी ली है एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस घटना में कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार कुछ लोग 80 प्रतिशत तक जल गए हैं। बताया जा रहा है कि इलाके में चोरी छिपे अवैध रूप से गैस की रिफिलिंग होती थी। इसी वजह से यह हादसा हुआ है।
