टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा 11 साल के नन्हे फास्ट बॉलर के फेन हो गए। रोहित ने न केवल उसकी बॉलिंग देखी, बल्कि उसके साथ नेट पर प्रैक्टिस भी की। बीसीसीआई ने बच्चे के साथ खेलते रोहित का वीडियो शेयर किया है।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में है। भारत का पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ है, जबकि पहला वॉर्म-अप मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 अक्टूबर को है। रविवार को टीम इंडिया ने नेट पर जमकर पसीना बहाया।
कप्तान रोहित शर्मा रविवार को प्रैक्टिस के लिए मैदान पर जा रहे थे। ड्रेसिंग रूम से आते समय रोहित की नजर भारतीय मूल के 11 साल के द्रुशील पर पड़ी। द्रुशील फास्ट बॉलिंग कर रहा था। रोहित और अन्य खिलाड़ी खड़े होकर उसकी बॉलिंग देखने लगे। रोहित उसके बॉलिंग एक्शन स्पीड से इतने प्रभावित हुए कि उसे मिलने बुला लिया। रोहित ने द्रुशील से बातचीत की और उसके साथ नेट पर पहुंचे। यहां द्रुशील ने रोहित के लिए बॉलिंग की। रोहित ने उसकी बॉल खेली और उसे टिप्स भी दिए।
बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में द्रुशील ने बताया कि इनस्विंग यॉर्कर उनकी सबसे फेवरेट बॉल है। वह उस बॉल को डालने की काफी कोशिश करते हैं। कप्तान रोहित शर्मा ने द्रुशील को ऑटोग्राफ दिया, साथ ही उनके साथ मस्ती मजाक भी करते नजर आए। उसने हिटमैन को बताया कि वह टीम इंडिया के लिए खेलना चाहता है तो कप्तान ने पूछा कि अगर आप पर्थ में ही रहोगे तो इंडिया के लिए कैसे खेलोगे? इस पर द्रुशील बोले कि वह भी इंडिया आएंगा, लेकिन कब आएंगा ये उनको पता नहीं है।
