गुजरात कांग्रेस के प्रभारी डॉ रघु शर्मा ने विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया है। शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक पत्र लिखकर भेजे इस्तीफे में कहा, वे गुजरात में कांग्रेस की अप्रत्याशित हार की संपूर्ण जिम्मेदारी लेते हैं और प्रभारी पद से इस्तीफा दे रहे हैं। शर्मा ने खड़गे से इस्तीफे को मंजूर करने का आग्रह किया है। वह राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री हैं और केकड़ी से विधायक है।
रघु शर्मा को अक्टूबर 2021 में गुजरात कांग्रेस प्रभारी बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने राजस्थान के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और गुजरात में सक्रिय हो गए थे। आज गुजरात चुनाव के नतीजे आए हैं और वहां कांग्रेस को अब तक की सबसे अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी का आंकड़ा बीस भी पार नहीं कर पाया है। ऐसे में शर्मा ने खुद इस हार की जिम्मेदारी ली और पद से इस्तीफा दे दिया। गुजरात में उनका पाटीदार नेता और गुजरात कांग्रेस के तत्कालीन कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल से विवाद भी हुआ और पटेल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। पटेल भी गुरूवार को आए नतीजों में भाजपा से विधायक बन गए हैं।
कांग्रेस नेता रघु शर्मा केकड़ी से दूसरी बार विधायक बने हैं। वे अजमेर से सांसद भी रह चुके है। 2017 के लोकसभा उपचुनाव में वे सांसद बने थे। वे 2008 में पहली बार विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्हें सरकारी मुख्य सचेतक बनाया गया था और 2018 में कांग्रेस सरकार बनने पर उन्हें चिकित्सा मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी।
