ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इन दिनों पिंकसिटी जयपुर में हैं। उन्होंने गुरुवार को शहर के ऐतिहासिक आमेर महल को देखा। जहां वह आधे घंटे तक रहे। इसके बाद वह सुरंग के रास्ते से जयगढ़ की ऐतिहासिक तोप देखने पहुंचे। वहां पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने जॉनसन का स्वागत किया।
जॉनसन आदित्य बिरला ग्रुप की ओर से आयोजित कांफ्रेंस में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचे हैं। कांफ्रेंस के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी यहां आए हुए हैं। आदित्य बिरला ग्रुप की ओर से इस कॉन्फ्रेंस को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। प्रर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आमेर महल की खूबसूरती देख बोरिस जॉनसन काफी प्रभावित हुए। उन्होंने ऐतिहासिक दिवान-ए-आम और शीश महल की जमकर तारीफ की। उन्होंने महल के इतिहास और राजा महाराजाओं द्वारा लड़े गए युद्ध की जानकारी भी ली। बोजो ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से जुलाई में इस्तीफा दे दिया था। उनके खिलाफ उनकी ही पार्टी के 50 से ज्यादा सांसदों ने मोर्चा खोल दिया था, जिसके बाद बोरिस को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। अब बोरिस की जगह भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन चुके हैं। बोजो बुधवार को जयपुर पहुंचे थे।
