मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया है कि चार साल में उनकी सरकार के खिलाफ माहौल नहीं है। यह पहला मौका है, जब सरकार के खिलाफ कोई माहौल नहीं है। इससे बड़ी सरकार की उपलब्धि क्या होगी? फिर भी विपक्ष के लोग हमारी सरकार, मंत्री और विधायकों के बारे में अफवाह फैलाते हैं। राज्य सरकार के चार साल पूरे होने पर गहलोत आज सुबह जवाहर कला केंद्र में प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे।
सियासी मामलों में मैनेजमेंट पर गहलोत ने कहा- मैं जब राजनीति से सन्यास ले लूंगा तो राजनीति क्लास लूंगा, उसमें सब स्किल और अनुभव का जिक्र होगा। उन्होंने ईआरसीपी के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को घेरा और कहा कि वे राजस्थान के होने के बावजूद धोखा दे रहे हैं।
