राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा- केंद्र सरकार ने अब नया फॉर्मूला निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी है कि मास्क लगाओ… कोविड फैल रहा है। ये सब यात्रा रोकने के हथकंडे हैं। हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी।
ऴल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने 20 दिसंबर को राहुल गांधी को चिट्ठी लिखकर उनसे यात्रा रोकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, हेल्थ इमरजेंसी के हालात हैं। देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा रोक दें।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान से हरियाणा पहुंच चुकी है। राज्य में यात्रा का आज दूसरा दिन रहा। राहुल गांधी नूंह के ऐतिहासिक गांधीग्राम (घासेड़ा) पहुंचे। यहां पर उनके पैरों में पट्टी बंधी दिखी। राहुल गांधी 106 दिन से पैदल यात्रा कर रहे हैं। घासेड़ा में ग्रामीणों ने मेवाती पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। हरियाणा में पहले दिन की यात्रा में 1.5 लाख लोग भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। यह खुलासा राज्य की खुफिया रिपोर्ट में हुआ है। यात्रा में शामिल हरियाणा पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट में 1.5 से दो लाख शामिल हुए हैं। यह आंकड़ा दूसरे दिन और बढ़ा है।
