सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामले के आरोपी सुरेश ढाका के कई कांग्रेस नेताओं और रालोपा सांसद हनुमान बेनीवाल के साथ फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। आरोपी ढाका की फोटो कांग्रेस सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, महिला आयोग की चेयरमैन रेहाना रियाज और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक धीरज गुर्जर के साथ फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं हैं।
भाजपा से जुड़े नेता और कार्यकर्ता भी इन फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। साथ ही आरोपी के कार्यकर्ताओं से नजदीकी को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष और सांसद हनुमान बेनीवाल के साथ भी आरोपी ढाका की फोटो खूब वायरल हो रही है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा ने भी बेनीवाल से नजदीकी पर सवाल खड़े किए है।
आरोपी सुरेश ढाका के कांग्रेस नेताओं के साथ फोटो को लेकर सियासी गलियारों में भी चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि कांग्रेस में अंदर खाने चर्चा है कि आरोपी सुरेश ढाका कांग्रेस के कार्यक्रमों में आता जाता था। उसे दिल्ली में भी कांग्रेस के कई नेताओं के साथ देखा गया है, लेकिन वह कांग्रेस में सक्रिय सदस्य नहीं है।
सूत्रों की माने तो आरोपी ढाका कांग्रेस के कई और नेताओं के भी संपर्क में रहा है। ऐसे में और अब अन्य पार्टी नेताओं को इस बात का डर सता रहा है कि कहीं उनके साथ फोटो वायरल ना हो जाए।
सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर उदयपुर में लीक हो गया था,। इस मामले में पुलिस ने पेपर लीक मामले में 55 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें सुरेश ढाका भी शामिल है। सुरेश ढाका एक कोचिंग इंस्टिट्यूट भी चलाता है।
