सरकार के खिलाफ अलवर में भाजपा की जनाक्रोश महासभा में अश्लील डांस हुआ। बताया जा रहा है कि भीड़ जुटाने के लिए ऐसा किया गया। हालांकि भाजपा के पदाधिकारियों का कहना है कि ये सभा के बाद किसी ने साजिश के तहत ऐसा किया है। मामला अलवर जिले के खेड़ली का है।
खेड़ली में कल शाम जनाक्रोश महासभा का आयोजन किया गया था। इसमें दिल्ली के सांसद रमेश विधूड़ी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे। कई अन्य भाजपा नेता भी मंच पर थे। तभी एक महिला स्टेज पर आई और नाचने लगी।। महिला डांसर ने अश्लील हाव-भाव भी दिखाए।
इस महासभा के बाद महिला के अश्लील डांस का वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया। कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर लाइव भी किया। भाजपा जिलाध्यख संजय नरूका इस संबंध में कहा कि हमने कोई डांसर नहीं बुलाई। कार्यक्रम होने के बाद तक भी डांस नहीं हुआ। सब नेताओं के जाने के बाद किसी ने साजिश के तहत ऐसा किया होगा। सभा पहले ही सफल हो चुकी थी।
इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी, विधायक मंगल कोली, पूर्व विधायक रमेश खींची, मुन्नीदेवी खोखर, कठूमर प्रधान संगम चौधरी,राजेश जाटव, नगर पालिका अध्यक्ष संजय, जिला मंत्री शिवशंकर, मंडल अध्यक्ष शिवचरण सहित काफी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
