जोधपुर के परकोटा में सीवर-होल के ढक्कनों पर आकर्षक चित्रकारी देखने लोग आ रहे हैं। हेरिटेज वार्ड में पहले दीवारों को आकर्षक चित्रकारी से सजाया गया। अब पहली बार सीवरेज के ढक्कन पर भी यह नवाचार कर पर्यटकों को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस क्षेत्र में पचेटिया हिल की ओर जमीन पर सीवरेज के ढक्कन सजाए जा रहे हैं। इसके बाद दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी की गई है। यह क्षेत्र है परकोटा के बीच में बसा सिटी पुलिस से जुड़ा पचेटिया हिल। नगर निगम उत्तर का वार्ड संख्या 30 जहां पहले नगर निगम ने ब्लू सिटी को साकार किया, अब यहां के पार्षद व स्थानीय लोग मिलकर इसको नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहे हैं।
क्षेत्र की पहाड़ी, दीवारें और सीवरेज के ढक्कन लोगों के आकर्षण का केन्द्र बन गए हैं। इस नवाचार के पीछे कारण स्वच्छता भी है। जब इतनी सुंदर कलाकारी होगी तो लोग भी गंदगी फैलाने से पहले सोचेंगे।
सीवरेज पर आकर्षक पेटिंग पार्षद धीरज चौहान (26) खुद अपने निजी कोष से करवा रहे हैं। सबसे युवा पार्षदों में शुमार धीरज को यह आइडिया इंटरनेट से आया। जहां इन्होंने इस प्रकार के नवाचार के बारे में पढ़ा था। इसके बाद इन्होंने अपने वार्ड में इसे करने की ठानी। धीरज 24 साल की उम्र में ही पार्षद बन गए थे। उन्होंने सीवरेज के ढक्कन पर कलात्मक पेंटिंग के लिए 5 चित्रकारों की टीम लगाई गई है। एक ढक्कन पर कलाकारी करने के लिए करीब 1000 रुपए का खर्च आया है। इन कलाकारों की टीम 1 दिन में दो से तीन ढक्कन तैयार करती है। धीरज बताते हैं कि अभी वो प्रयोग के तौर पर ऐसे 10 सीवरेज के ढक्कन तैयार करवा रहे हैं। यदि पर्यटकों का रिस्पॉन्स अच्छा आता है तो इसके बाद आगे इसे बढ़ाया जाएगा। इसमें स्थानीय लोग भी खुल कर सहयोग कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में फैलने वाली गंदगी कम होगी।
