सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम इसबार पैरोल पर बाहर आते ही सुर्खियां बटोरने लगा है। उसने सोमवार को तलवार से केक काटा। मौका था डेरे के दूसरे संत शाह सतनाम के जन्मदिन का। उसी को राम रहीम ने अपनी गद्दी सौंपी थी। केक काटने का वीडियो बागपत स्थित बरनावा डेरे का है। यह वीडियो वायरल हो गया है।
रेप और हत्या का दोषी राम रहीम रोहतक की सुनरिया जेल में 20 साल की सजा काट रहा है। वह पिछले 14 महीने में चौथी बार पैरोल पर बाहर आया है। इसी 21 जनवरी को उसे 40 दिन की पैरोल मिली है।
बाहर आने के बाद राम रहीम ने 5 घंटे तक ऑनलाइन सत्संग किया। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के ओएसडी तथा भाजपा के सासंद-विधायक भी जुड़े। जो वीडियो सामने आया है, उसमें राम रहीम कह रहा है कि इस तरह से जश्न मनाने का मौका 5 साल बाद मिला है। मुझे कम से कम 5 केक काटने चाहिए। यह पहला केक है।
इधर, दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाती मालीवाल ने हरियाणा सरकार पर तंज कसे हैं। स्वाती ने ट्वीट किया, फिर से रेपिस्ट और खूनी पाखंडी राम रहीम का तमाशा शुरू, हरियाणा सीएम के ओएसडी और राज्यसभा सांसद ने फर्जी बाबा के दरबार में हाजरी लगाई। खट्टर साहब सिर्फ बोलने से काम नहीं चलेगा कि आपका इससे कोई लेना देना नहीं। खुल कर अपना स्टैंड बताओ कि रेपिस्ट के साथ हो या महिलाओं के।
