एक जमाने में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो कांशीराम के निकट सहयोगी रहे इंजीनियर फूलसिंह बरैया अब कांग्रेस पार्टी में हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कांग्रेस नेता की बेटी निधि का 5 फरवरी को विवाह समारोह है। इस शादी का कार्ड आमजन के बीच चर्चा में है। संविधान बचाने के संकल्प की थीम पर बना वैवाहिक कार्ड में अनेक नारे भी लिखे हैं। इसके अलावा शादी में आने वाले मेहमानों को संविधान की रक्षा का संकल्प पत्र और संविधान की प्रति भेंट की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस संमारोह में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित प्रदेश के अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ग्वालियर पहुंच रहे हैं। फूलसिंह ने यह विवाह कोई मुहूर्त देखकर नहीं बल्कि संत रविदास जयंती पर रखा है। इस जयंती उत्सव में ही उनकी बेटी निधि और नीरज वर्मा एक दूसरे को पति – पत्नी के रूप में स्वीकार करेंगे। इनकी शादी का कार्ड बेहद सुर्खियों में बना है।
निधि की शादी के कार्ड पर कोई धार्मिक चिन्ह या चित्र नहीं है। बल्कि सबसे ऊपर संत रविदास, छत्रपति शाहू जी महाराज, भगवान बुद्ध, महात्मा फुले, बाबा साहब अंबेडकर और कांशीराम के चित्र हैं। आमंत्रण पत्र को संकल्प और संघर्ष पत्र के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
कार्ड में ऊपर ही तीन संकल्प भी लिखे हैं।
– भारत का संविधान बचाना है। – भारत का लोकतंत्र बचाना है। -नागरिकों के हक और अधिकार बचाना हैं। कार्ड में कहा गया है सब इस संकल्प पर कायम रहेंगे तभी देश बचेगा।
