राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 राज्यों-केंद्र शासित क्षेत्रों के राज्यपालों को बदल दिया है। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्णन माथुर के इस्तीफे को स्वीकार कर उनकी जगह नए राज्यपाल/ उपराज्यपाल नियुक्ति किए हैं।
चुनाव 2024 से पहले देश के राज्यपाल-एलजी में बड़ा फेरबदल किया गया है। जिन 13 राज्यों में राज्यपाल और उप-राज्यपाल बनाए गए हैं, उनमें से 9 में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को भगत सिंह कोश्यारी की जगह महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया है। लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्णन माथुर की जगह पर अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल डा. बी.डी. मिश्रा को वहां नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया।
इसी प्रकार लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम का राज्यपाल, सीपी राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल, गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल और शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
इसी साल जनवरी में सुप्रीम कोर्ट से रिटायर हुए जस्टिस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। रिटायरमेंट के 40 दिन बाद राज्यपाल बनाए गए जस्टिस नजीर राम मंदिर, ट्रिपल तलाक जैसे मामलों में फैसला दे चुकी बेंच में शामिल थे। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
