बांरा जिले के छीपाबड़ौद कस्बे में हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में डाका डाला। बदमाश दुकान का शटर तोड़कर करीब 100 किलो चांदी, सोना समेत अन्य गहने लेकर फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी में डकैती की पूरी वारदात कैद हो गई।
आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज में बदमाश डकैती के बाद जाते नजर आ रहे हैं। दुकान मालिक ने डकैती रोकने के लिए फायरिंग भी की, लेकिन बदमाशों को रोक नहीं सके। सूत्रों के अनुसार बदमाश ज्वेलरी शॉप से 1 करोड़ रुपए का माल लेकर गए हैं। डकैती का यह मामला बारां जिले के छिपाबड़ौद कस्बे का है।
थानाधिकारी चंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि कस्बे के मुख्य बाजार में होली खूंट के पास ज्वेलर गौतम गोयल की ज्वेलरी शॉप है, जिसमें बड़ी मात्रा में चांदी और सोने की ज्वेलरी रखी थी। रविवार सुबह करीब 3 बजे हथियारों से लैस 8 बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ा और 100 किलो चांदी समेत करीब एक किलो सोना और अन्य ज्वेलरी लेकर आराम से पैदल चलकर गए। घटना की सूचना मिलने पर कस्बे के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
बाजार में कुछ दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में 8 बदमाश नजर आ रहे हैं, जिसमें वह डकैती के बाद चांदी लेकर जाते दिख रहे हैं। बदमाशों ने कंधों पर लूट का माल ले रखा है। इनके हाथ में हथियार भी नजर आ रहे हैं। पीड़ित किशन गोयल ने बताया कि उनके मकान के नीचे ही उनकी ज्वेलरी की दुकान है। रविवार अल सुबह करीब 4 से 4.30 बजे अचानक दुकान में खटपट की आवाज आई। दुकान के शटर की आवाज होने पर वह उठकर बाहर निकले।
इस दौरान करीब 2-3 बदमाश दिखे और दुकान का शटर ऊंचा था। उन्होंने डांटकर उनको भगाने की कोशिश की, लेकिन एक बदमाश ने उन पर गुलेल से हमला कर दिया। इसके बाद वह अंदर गए और अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर आए। उन्होंने फायर किया, लेकिन बदमाश फरार हो गए। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने उनका बहुत नुकसान कर दिया। करीब 60 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
