सादुलशहर शहर से करीब 13 किमी. दूर सादुलशहर-श्रीगंगानगर मार्ग पर स्थित लालगढ़ जाटान पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव हाकमाबाद में शुक्रवार रात दम्पति में हुए झगड़े के बाद पति ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतक के भाई रवि पुत्र गोपीराम यादव की रिपोर्ट पर मामले दर्ज किया है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। थानाधिकारी ने बताया कि गांव हाकमाबाद निवासी गोपीराम यादव के पुत्र बंटी यादव (24) का एक वर्ष पूर्व गांव मोरजण्डखारी निवासी संजू वाल्मीकि (21) के साथ प्रेम विवाह हुआ था। शुक्रवार रात बंटी को पत्नी संजू ने अपने बचपन के एक मित्र के साथ रहने के लिए मना किया।
इसपर बंटी ने नाराजगी जताई तो दोनों में झगड़ा हो गया। संजू घर से रूठकर चली गई तो बंटी उसे मनाकर वापस घर ले आया। मगर घर में दोनों के बीच फिर बहस हो गई, जिस पर संजू कमरे के बाहर सो गई और बंटी कमरे में सो गया। शनिवार तडक़े 4 बजे संजू ने कमरे में जाकर देखा तो पति बंटी फंदे से झूल रहा था। संजू ने बंटी को तुरंत फंदे से उतारा व मुंह पर पानी के छींटे दिए, लेकिन वह मर चुका था। संजू घबराकर पैदल ही घर से निकल गई। पुलिस को शनिवार सुबह ग्राम सरपंच ओमप्रकाश यादव व परिजनों ने घटना की सूचना दी।
दोपहर में मृतक की पत्नी संजू पुलिस थाना में पेश हुई व पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। थानाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम से मालूम हुआ कि बंटी की मौत फंदा लेने से हुई है। मृतक की पत्नी से पुलिस द्वारा गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रत्येक दृष्टि से प्रकरण की जांच कर रही है।
