उत्तराखंड में आज से चार धाम यात्रा शुरू हो गई है। उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी गांव खरसाली से मां यमुना की डोली के प्रस्थान में शामिल हुए। गंगोत्री के कपाट दोपहर 12.35 तथा यमुनोत्री के 12.41 बजे खुले। बद्रीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल को खुलेंगे। धामी ने इस अवसर पर कहाकि इस बार की यात्रा हर्षोल्लास के साथ होगी। सभी श्रद्धालुओं को दर्शन कराएंगे, इसलिए कैपिंग की व्यवस्था को समाप्त कर दिया है।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम उत्तरकाशी जिले में स्थित हैं। गंगोत्री प्रमुख हिन्दू तीर्थस्थल है। गंगोत्री नगर से 19 किमी दूर गोमुख है। यह गंगोत्री हिमानी का अन्तिम छोर है और गंगा नदी का उद्गम स्थान है। गंगोत्री का गंगाजी मंदिर, समुद्र तल से 3042 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। भागीरथी के दाहिने ओर का परिवेश अत्यंत आकर्षक एवं मनोहारी है। यह स्थान उत्तरकाशी से 100 किमी की दूरी पर स्थित है।
