देवास में एक दलित दूल्हे की बारात पर दबंगों ने हमला कर दिया। दूल्हा घोड़ी पर चढ़कर बारात ले जा रहा था। दलित समाज के दूल्हे का घोड़ी चढ़ना दबंगों को नागवार गुजरा। उन्होंने पहले दूल्हे को घोड़ी से उतारकर बेइज्जत किया। दूल्हा घोड़ी उतरकर बाइक से जाने लगा तो दबंगों ने उसपर पत्थर बरसा दिए। इससे दूल्हे का भाई गंभीर घायल हो गया है। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना देवासजिले के टोंकखुर्द थाना इलाके के आगरोद गांव की है। यहां दलित समाज के दूल्हे दीपक सोलंकी के घोड़ी पर बारात निकालने पर दबंगों ने आपत्ति जताई। दबंगों ने दूल्हे से मारपीट और पत्थरबाजी के अलावा महिलाओं के साथ बदसलूकी भी की। पुलिस ने 10 लोगों को खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
दूल्हे के भाई राजकुमार सोलंकी ने बताया कि दबंगों ने कहा दूल्हा घोड़ी नहीं चढ़ेगा। इसे पैदल लेकर जाओ। इसके बाद दलित समाज के लोगों ने दबंगों से बारात बाइक पर निकालने की बात कही। दबंग बाइक पर बारात निकालने के लिए पहले तो राजी हो गए। मगर बाइक पर दूल्हे की बारात निकाली जाने लगी और डीजे पर रिश्तेदार डांस करने लगे तो दबंगों ने बारात पर हमला कर दिया। हमले में दूल्हे का भाई राज कुमार सोलंकी घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल का कहना है सेंधव समाज के लोगों ने बाइक पर बारात निकालने पर अभद्रता कर मारपीट की है। साथ ही महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया।
डीएसपी किरण शर्मा ने बताया टोंकखुर्द थाने इलाके में दलित दूल्हे की बारात निकालने पर मारपीट की गई है। इसमें 1 घायल हो गया है। इस मामले में एट्रोसिटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 10 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। 3 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
