सजी हुई दुल्हन भी वरमाला के लिए आने वाली थी, शहनाई बज रही थी, लोग व्यंजन खा रहे थे, चारों तरफ खुशी का माहौल था। मगर इसी बीच दूल्हे ने ऐसा किया जिसके बाद शादी समारोह में हड़कंप मच गया। एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट होने लगी। दूल्हे की शेरवानी और बाकी कपड़े फट गए। मंडप में ही दूल्हा नंगे बदन नजर आने लगा और उसकी शेरवानी व साफा दूर पड़े हुए थे। कुछ देर बाद ही दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को काबू में किया। पूरा मामला दौसा जिले के नांगल-मीणा गांव का है।
झुथाहेड़ा गांव के वीरेंद्र मीना की शादी तय हुई थी। युवक 1 मई को शादी के दिन बारात लेकर दुल्हन निशा मीना के गांव नांगल-मीणा पहुंचा था। वहां दुल्हन का घर आकर्षक तरीके से सजा हुआ था। फिल्मी व राजस्थानी गीतों पर नाच चल रहा था। साफा और शेरवानी पहने दूल्हे ने शादी के पंडाल में प्रवेश किया। दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोग शादी का खाना खा रहे थे और दूल्हे को मंडप में फेरों के लिए लेकर आये। इसी बीच दूल्हे के पास एक फोन आया और उस फोन के बाद दूल्हे ने अपने साफे को दूर फेंक दिया और शादी से मना कर दिया।
जैसे ही लड़के ने शादी के लिए इंकार किया तो कुछ देर तो समझाइश हुई लेकिन जब दूल्हा नहीं माना तो वहां मारपीट के हालात हो गए। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा व उसके साथ आए बारातियों के साथ मारपीट की। दूल्हे वीरेंद्र की शेरवानी खुलवा ली तो वह नंगे बदन नजर आने लगा। शादी में विघ्न पड़ने के साथ ही शहनाई भी बंद हो गई और डीजे पर चल रहे गाने भी रूक गए। दूल्हे द्वारा शादी के लिए मना करने और मारपीट की सूचना के बाद मंडावर और महुआ थाना पुलिस नांगल मीणा गांव में पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। साथ ही दूल्हे को शर्ट पहनाई गई।
दोनों ही पक्षों की ओर से लंबी समझाइश वार्ता हुई। जिसके बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष ने इस शादी को नहीं करने का निर्णय लिया। साथ ही दुल्हन पक्ष के शादी समारोह में खर्च हुई राशि की भुगतान भी दूल्हे पक्ष की तरफ से करने की बात कही। इसके बाद दूल्हा और बाराती बिना दुल्हन को लिए ही बैरंग वापस लौट गए। वहीं दुल्हन पक्ष के लोगों ने विवाह के लिए वापस दूसरे लड़का तलाश किया और दुल्हन की नए सिरे से शादी करने का फैसला लिया।
बताया जा रहा है कि दुल्हन निशा की शादी के लिए दूसरा दूल्हा भी तैयार हो गया है और अब शादी की तैयारियां फिर से शुरू कर दी गई है।
