जोधपुर में सचिन पायलट के भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें और केन्द्रीय मंत्री व स्थानीय भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत के फोटो के साथ पूछा गया हैं- संजीवनी मामले में चुप्पी क्यों? ये होर्डिंग्स शहरभर में लगाए गए है।
शेखावत और पायलट के बीच रिश्ते को उजागर करते इन होर्डिंग लगे। होर्डिंग में दोनों नेताओं की फोटो के साथ लिखा है, संजीवनी घोटाले पर चुप क्यों हो, पायलट जी?, जनता जवाब मांगती है? ये होर्डिंग्स जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री और पार्षद कुश गहलोत, कांग्रेस जिला प्रवक्ता भाकर राम विश्नोई और जिला कांग्रेस कमेटी सचिव ललित गहलोत की ओर से लगाए गए है।
उल्लेखनीय है कि सचिन पायलट इनदिनों भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाए हुए है। वो वसुंधरा राजे सरकार में हुए भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने के लिए अनशन कर चुके है। हाल ही में अजमेर से जयपुर तक जन संघर्ष यात्रा भी निकाली है। पायलट ने गहलोत सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए तीन मांगें रखी थी। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वो प्रदेशभर में आंदोलन करेंगे। इस दौरान उन्होंने संजीवनी घोटाले को लेकर कुछ नहीं बोला है। जबकि इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बार-बार केंद्रीय मंत्री शेखावत पर निशाना साध रहे है। ऐसे में गहलोत खेमा सवाल उठा रहा है कि जब पायलट भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा रहे हैं तो शेखावत पर निशाना साधने से क्यों बच रहे है?
बताते चलें कि जब पायलट ने जन संघर्ष यात्रा निकाली तो केंद्रीय मंत्री शेखावत ने उनकी तारीफ की थी। शेखावत ने कहा था कि पायलट ने 5 साल मेहनत कर फिर से कांग्रेस को सत्ता दिलाई। पिछली बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 5 साल के शासन बाद कांग्रेस सिर्फ 21 सीटों पर सिमट गई थी। तब पायलट ने हर गांव और कस्बे तक जाकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जान फूंकी।
