इंडियन सुपर किंग्स (आईपीएल) 2023 का 45वां मुक़ाबला आज लखनऊ सुपर गाईंट्स (एलएसजी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच खेला गया। मैच से पहले टॉस के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर डैनी मॉरिसन ने एक सवाल पूछा, जिसके जवाब में धोनी ने अपने भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया।
मॉरिसन ने धोनी से पूछा, आप अपना आखिरी आईपीएल सीजन कैसे एंजॉय कर रहे हैं। इसपर धोनी ने हंसते हुए कहा, मेरा ये लास्ट सीजन है ये अपने तय किया है, मैंने नहीं। 41 वर्षीय धोनी के इस बयान से संकेत तो यह मिलता है कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन नहीं है, लेकिन धोनी के मन में क्या चल रहा है, इसे भांपना बड़ा मुश्किल है। वह अचानक कोई भी फैसला ले सकते हैं। जैसा पहले करते आए हैं।
पिछले साल जड़ेजा को कप्तानी सौंपना एक बड़ा संकेत था कि धोनी अब चेन्नई की फ्रेंचाइजी में अपने उत्तराधिकारी की तलाश कर रहे हैं। हालांकि, यह कदम विफल रहा क्योंकि स्टार आलराउंडर दबाव को अच्छी तरह से नहीं संभाल सका। लेकिन यह स्पष्ट था कि धोनी नेतृत्व की भूमिका के लिए किसी को तैयार करना चाहते हैं।
इसी सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद धोनी ने संन्यास लेने के संकेत भी दिए थे। उन्होंने कहा था कि वह अब बूढ़े हो चुके हैं और इस सच्चाई से अब ज्यादा भाग नहीं सकते। इससे पहले 2019 के सीजन में जब धोनी से पूछा गया कि क्या वह अगले सीजन में आईपीएल खेलते दिखेंगे? इस पर माही ने कहा था- जी हां, उम्मीद तो है।
इसी तरह 2020 में चेन्नई टीम आईपीएल इतिहास में पहली बार प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी थी। तब धोनी से पूछा गया था कि क्या यह उनका लीग में आखिरी मैच है? धोनी का जवाब था- बिल्कुल नहीं। 2021 सीजन धोनी के लिए बेहद खास था। इसमें माही ने चेन्नई को चौथी बार खिताब जिताया था। तब खिताब जीतने के बाद हर्षा भोगले ने धोनी से पूछा था कि क्या आप अगले साल भी खेलते दिखाई देंगे? इस पर माही ने कहा था- अभी मैंने कुछ छोड़ा नहीं है।
2022 का सीजन चेन्नई टीम के लिए बेहद खराब रहा। इसमें कप्तानी से लेकर खिलाड़ियों के बीच काफी कुछ तनाव देखने को मिला। इस सीजन में भी चेन्नई टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। धोनी ने 20 मई को इस सीजन का अपना आखिरी मैच खेला। मुकाबले में टॉस के दौरान इयान बिशप ने पूछा- क्या वह अगले साल खेलेंगे? इस पर धोनी ने कहा, ‘बिल्कुल, सीएसके फैन्स और चेपक के दर्शकों को धन्यवाद न देना ठीक नहीं होगा।

