राजस्थान के बांसवाड़ा में एक शादी में आए बारातियों को दुल्हन पक्ष के लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बारातियों पर पत्थर, लात, घुसे और कुर्सी से हमला किया गया। बाराती यहां वहां अपनी जान बचाने दौड़ते रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव की है।
जानकारी के अनुसार गत 22 मई को क्षेत्र के ठनकु गांव निवासी मणिलाल पुत्र कचरू चरपोटा की रतनपुरा में बारात गई थी। शादी शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो गई थी। लेकिन दुल्हन की विदाई से थोड़ी देर पहले कुछ युवाओं ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में 9 लोग घायल हो गए। घायल लक्ष्मण ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। घटना को लेकर 27 मई को आनंदपुरी थाने में पीड़ित पक्ष की ओर से रिपोर्ट दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। वहीं गुरुवार को आनंदपुरी थाना पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी मांगी गई तो बताया कि आज दोपहर को मामला दर्ज किया गया है। घायल बारातियों का मेडिकल कराकर आरोपियों पर विभिन्न धाराओं मामला दर्ज कर किया गया है। पुलिस इतने दिन तक इस मामले को क्यों छुपाती रही।

