राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बाद अब राज्यपाल कलराज मिश्र भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। राजभवन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। साथ में जनता से अपील भी की कि वो सतर्क रहे और कोरोना गाइडलाइन का पालन करे।
ट्वीट में यह भी कहा गया कि जो लोग राज्यपाल कलराज मिश्र से बीते दिनों संपर्क में आए हैं, वे भी अपना कोराना टेस्ट करवाएं। राज्यपाल मिश्र गुरुवार को स्वास्थ्य विज्ञान यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी थे। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सीएम वसुंधरा राजे कोरोना पॉजिटिव हुए थे। इसके बाद दोनों ने अपने आवास से कामकाज निपटाए थे।
स्वस्थ होने के बाद ही सीएम गहलोत बाहर के दौरे पर निकले हैं। वह हर जगह मास्क लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इधर सरकार की तरफ से लगातार अपील भी हो रही है कि कोरोना के केस बढ़ते देखकर सभी लोग गाइडलाइन का पालन करें और मास्क जरूर लगाएं।
राजस्थान में कोरोना के केस बढ़ते ही जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में 293 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान तीन लोगों की मौत भी हुई है। इनमें सबसे ज्यादा मामले राजधानी जयपुर में है, जहां 121 केस दर्ज किए गए। इसके बाद जोधपुर में 27 केस, सीकर में 24, बीकानेर में 18, उदयपुर में 17, चित्तौड़गढ़ में 17 केस सामने आए हैं। राज्य में अभी सक्रिय मामले 1474 हैं और रिकवरी रेट 99.17 फीसदी है।

