मुंबई के मड आइलैंड में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अवैध स्टूडियो के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां 10 से ज्यादा स्टूडियो पर बुलडोजर चलाया गया है। इनमें वो स्टूडियो भी है, जहां फिल्म रामसेतु और आदिपुरुष की शूटिंग हुई थी। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इसकी शिकायत की थी। स्टूडियो गिराए जाते समय वो भी कुदाल और बेलचा लेकर पहुंच गए।
सोमैया ने आरोप लगाया कि महा विकास आघाड़ी सरकार के संरक्षण में ये सभी स्टूडियो बनाए गए हैं। अब नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने इन सभी स्टूडियो को तोड़ने का आदेश दिया है। सोमैया ने कहा कि हमें अब न्याय मिला है। एक के बाद एक सभी स्टूडियो ध्वस्त किए जाएंगे और जो-जो अधिकारी तथा मंत्री इसमें शामिल हैं, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बताया जा रहा है कि मड आइलैंड में समंदर किनारे कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री असलम शेख का भी अवैध स्टूडियो है। असलम शेख पर 1000 करोड़ के अवैध स्टूडियो बनाने का आरोप है। स्टूडियो के कुछ हिस्से फरवरी में भी तोड़े गए थे।

