झारखंड के गिरिडीह में एक शादी समारोह में गरम पूड़ी नहीं मिलने पर बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दो पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार गिरिडीह के मुफस्सिल थाना इलाके के पतरोडीह सेंट्रलपीठ में बीती रात कुछ युवकों ने शादी समारोह में हंगामा कर दिया। इस दौरान पथराव के साथ धारदार हथियार का भी इस्तेमाल किया गया। इसमें चार युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर हालात पर काबू पाया।
पुलिस का कहना है कि शादी में खाना नहीं देने के मामले में जानबूझकर कर हंगामा किया गया। हिरासत में लिए गए युवक ने शादी में विवाद खड़ा किया है। पुलिस के अनुसार पतरोडीह में शंकर नाम के व्यक्ति के घर बारात आई थी। रात करीब 2 बजे एक युवक खाना खाने के लिए पहुंचा और गरम पूड़ी की मांग करने लगा। इसीसे विवाद शुरू हो गया। युवक ने बाहर से अपने कुछ साथियों को बुलाकर हंगामा किया। गाली-गलौज और पथराव भी किया। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।

