देश में इस साल मॉनसून के सामान्य रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि 4 जून के आसपास मॉनसून केरल पहुंचेगा। इस साल मॉनसून 96 प्रतिशत रहने का अनुमान है। मगर उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मॉनसून 96 फीसदी रहने का अनुमान है। मॉनसून के दौरान अल नीनो की संभावना 90 फीसदी से ज्यादा है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 16 मॉनसून सीजन में अल नीनो प्रभावी रहा है, लेकिन देखा गया है कि 9 बार मॉनसून औसत से कमज़ोर रहा है और बाकी 7 बार मॉनसून सामान्य रहा है। हाल ही में पृत्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम रविचंद्रन ने कहा था कि वो सामान्य मॉनसून की उम्मीद कर रहे हैं। अल नीनो एकमात्र कारक नहीं है, जो वैश्विक स्तर पर हवा के पैटर्न को प्रभावित करता है। अटलांटिक नीनो, हिंद महासागर डिपोल और यूरेशियन स्नो कवर आदि जैसे अन्य कारक भी हैं, जो मानसून को प्रभावित कर सकते हैं।

