राजस्थान में पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आज भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सीएम हाउस के लिए निकले भाजपा नेताओं और कार्यकर्तओं को पुलिस ने सिविल लाइंस फाटक के पास रोक लिया। इसपर कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की हुई। भीड़ पर काबू के लिए पुलिस को वॉटर कैनन चलानी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने सतीश पूनिया और राजेंद्र राठौड़ समेत सभी नेताओं को हिरासत में लिया।
इससे पहले भाजपा मुख्यालय के बाहर जनसभा हुई, जिसे बीजेपी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के साथ विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ संबोधित किया।
इसके बाद प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता सिविल लाइंस फाटक होते हुए मुख्यमंत्री आवास की और घेराव के लिए निकले। कार्यकर्ता नारे लगाते हुए सिविल लाइंस फाटक तक पहुंचे, जिन्हें पहले से मौजूद पुलिस दल ने रोक लिया। घेराव कार्यक्रम की दिलचस्प बात तो यह रही कि जनसभा समाप्त होने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी कई सहित कई नेता ट्रक में सवार होकर ही विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद चुनाव मीणा भी अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंच गए।

