Monday, December 11, 2023
Ad Space
Homeन्यूजराहुल ने खाली किया बंगला

राहुल ने खाली किया बंगला

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को 12, तुगलक लेन बंगला लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया। मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सांसद के रूप में अयोग्य घोषित किए गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को अपने आधिकारिक आवास से अपना सारा सामान ले गए थे। बाकी बचा सामान शनिवार को ले जाया गया। बंगला खाली करने के बाद राहुल ने कहा, हिंदुस्तान के लोगों ने मुझे 19 साल तक यह घर दिया, मैं उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। यह सच बोलने की कीमत है। मैं सच बोलने के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हूं।

संसद की सदस्यता रद्द होने के बाद लोकसभा सचिवालय की तरफ से भेजी गई नोटिस के अनुसार आज बंगला खाली करने का आखिरी दिन था। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने घर से अपना सामान निकाल लिया था। फिलहाल वह अपनी मां सोनिया गांधी के साथ रह रहे हैं और एक घर की तलाश में हैं।

राहुल ने 14 अप्रैल को ही अपनी कुछ निजी चीजें और ऑफिस का सामान सोनिया गांधी के बंगले में शिफ्ट कर लिया था। वह करीब 2 दशक से इस बंगले में रह रहे थे। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने राहुल गांधी के इस कदम की ट्वीट कर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा सचिवालय के आदेश के तहत राहुल गांधी ने अपना घर खाली कर दिया। कोर्ट ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट में अपील करने के लिए 30 दिन का समय दिया है, लेकिन उनके इस फैसले से नियमों के प्रति सम्मान प्रदर्शित होता है।

सूरत की एक अदालत ने 23 मार्च को राहुल गांधी को मानहानि का दोषी ठहराया कर दो साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद वह सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिए गए। उन्होंने सूरत की सत्र अदालत में मजिस्ट्रेट अदालत के आदेश को चुनौती दी थी, जिसने सजा को रद्द करने की उनकी अपील को खारिज कर दिया। पार्टी ने कहा है कि सत्र अदालत के आदेश को अगले हफ्ते गुजरात उच्च न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। लोकसभा सचिवालय ने अयोग्य ठहराए जाने के अगले दिन राहुल गांधी को नोटिस भेजकर उनसे 22 अप्रैल तक बंगला खाली करने को कहा था।

सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी अपना स्वतंत्र कार्यालय स्थापित करने के लिए जगह की तलाश में हैं। कुछ साल पहले प्रियंका गांधी वाड्रा को भी एसपीजी सुरक्षा कवर हटाए जाने के बाद लोधी एस्टेट स्थित बंगला खाली करने के लिए कहा गया था। राहुल गांधी पहली बार 2004 में उत्तर प्रदेश के अमेठी से सांसद चुने गए और 2019 में उन्होंने वायनाड से लोकसभा चुनावों में जीत हासिल की थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Ad Space

Most Popular

Recent Comments