रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार सुबह नई दिल्ली से जयपुर आने वाली शताब्दी ट्रेन में सफर करने के लिए पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से रेल में सुविधाओं और सफाई को लेकर बात की। साथ ही व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
रविवार सुबह मंत्री दिल्ली से शताब्दी में यात्रा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से रेल और स्टेशन में सफाई, पेंट्री की व्यवस्था, स्टॉफ के व्यवहार को लेकर जानकारी ली। यात्रियों ने रेलवे में बेहतर हो रही सुविधाओं के लिए उनका आभार जताया। रेल मंत्री जांच के दौरान शताब्दी की पेंट्री में गए और रेल स्टॉफ से बातचीत की। उन्होंने पूछा की पांच घंटे की यात्रा में उनके आराम करने की कोई व्यवस्था है क्या, तो कार्मिकों ने कहा इस ट्रेन में तो नहीं है, वंदे भारत में इसकी व्यवस्था है। कार्मिकों की इस बात पर रेल मंत्री ने अधिकारियों से इस ट्रेन में भी नई व्यवस्था करने को कहा।
रेल में एक चिकित्सक परिवार से उन्होंने मुलाकात की। परिवार ने बताया कि रेल मंत्री पहले आइएएस थे, तब से हमारे पारिवारिक रिश्ते है। उनसे हम पटना में अपने क्लासमेट के जरिए मिले थे।

