दिसंबर 2021 में जीएसटी कलेक्शन 1,29,780 करोड़ रुपए रहा है। मगर नवंबर महीने से यह थोड़ा सा कम है। नवंबर में कुल जीएसटी संग्रह 1.31 लाख करोड़ था। जुलाई 2017 में इस अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था के लागू होने के बाद नवंबर-21 में संग्रहित जीएसटी राजस्व इस वर्ष अप्रैल के संग्रहित 1.40 लाख करोड़ रुपये के राजस्व के बाद दूसरा सबसे अधिक मासिक संग्रह था।
वित्त मंत्रालय द्वारा आज जारी जीएसटी संग्रह के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2021 में कुल जीएसटी राजस्व संग्रह 1,29,780 करोड़ रुपये रहा है, जो दिसंबर 2020 में संग्रहित राजस्व से 13 प्रतिशत अधिक है। वहीं, दिसंबर 2019 की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक रहा है। नवंबर 2021 में यह राशि 1,31,526 करोड़ रुपये पर रही थी।
अक्टूबर 2021 में 1,30,127 करोड़ रुपये का जीएसटी राजस्व जमा हुआ था और नंवबर ऐसा लगातार दूसरा महीना रहा, जब जीएसटी राजस्व संग्रह 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। दिसंबर 2021 में भी यह राशि 1.30 लाख करोड़ के करीब रही है। इस वर्ष सितंबर में जीएसटी राजस्व संग्रह 1.17 लाख करोड़ रुपये रहा था।
