जैसलमेर आए सुपर मॉडल व फिटनेस प्रमोटर मिलिंद सोमन बिना जूतों के 110 किमी दौड़े। फैंस की ओर से फोटो लेने पर उन्होंने 20 पुशअप लगाने की शर्त रखी और अपने चहेते मॉडल को किसी ने निराश नहीं किया। खुहड़ी गांव पहुंचने पर राजस्थानी लोक धुन पर वे खुद को झूमने से नहीं रोक पाए।
मिलिंद सोमन ने इस बार नए साल पर बिना जूते 110 किलोमीटर दौड़ने का लक्ष्य रखा था, जिसका नाम उन्होंने लास्ट लॉन्ग रन रखा था। सोमन ने जैसलमेर के लाठी से खुहड़ी गांव तक 110 किलोमीटर की लास्ट लॉन्ग रन अपनी पत्नी सहित पूरी की। हड़ी गांव के मामाज रिसोर्ट में गजेंद्र सिंह सोढ़ा ने स्वागत किया। उनके कई फैंस ने उनको घेर लिया व उनके साथ फोटो की डिमांड की। मिलिंद बोले, जो भी मेरे सामने 20 पुशअप करेगा उसके साथ ही फोटो लेंगे। इतना सुन सभी लोग पुशअप लगाने लग गए। मिलिंद सोमन ने उनको नए साल 2022 में फिट रहने का मंत्र दिया।
30 दिसम्बर को मिलिंद सोमन ने सुबह पत्नी के साथ लाठी से जैसलमेर की नंगे पांव दौड़ शुरू की। रात नौ बजे जैसलमेर के करीब 65 किलोमीटर की दौड़ आकर खत्म हुई। 30 की रात को उन्होंने जैसलमेर के होटल में विश्राम किया। 31 दिसम्बर को सुबह 9 बजे दौड़ शुरू कर शाम पांच बजे वे खुहड़ी गांव पहुंचे। 110 किलोमीटर की अपनी लंबी दौड़ खत्म करने के बाद एक जनवरी को मिलिंद ने पोस्ट साझा कर दौड़ पूरी करने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- पूरी दुनिया को नए साल की मुबारकबाद, अंकिता और मैंने 110 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली है जैसलमेर में।
उन्होंने बताया, मुझे पहले दौड़ पसंद नहीं थी, लेकिन बीस साल पहले मुम्बई में मैराथन हुई थी, तब मैंने सोचा कि मुम्बई में मैराथन हुआ है तो मुझे भी एक तो करना चाहिए। 21 किमी की पहली दौड़ की थी। तब मुझे बहुत अच्छा लगा। मैंने सोचा की ये मुझे और करना चाहिए। उसके बाद से मैं निरंतर दौड़ करता है। 2012 में वे दिल्ली से मुम्बई तक करीब 1500 किमी की दौड़ कर चुके हैं। बिना जूते दौड़ने पर उन्होंने बताया कि बिना जूते दौड़ने से सड़क पर कई कंकर और कांटे आते हैं। ये हमें सिखाते हैं कि जीवन में परेशानियां व चुनौतियां आती हैं उसका सामना कैसे किया जाए। उन्होंने कहा कि कंकर व कांटों की तरह जीवन में आने वाली परेशानियों का हमें डटकर मुकाबला करना चाहिए। जो मुकाबला करता है वह कामयाबी हासिल करता है।
