बजट 2022 में आम आदमी को महंगाई के मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है। बजट में नॉन ब्लेंडेड पेट्रोल-डीजल पर 2 रुपए अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लगाने का ऐलान किया गया है। मतलब, जो एक्साइज ड्यूटी पेट्रोल पर अभी 27.90 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से वसूली जाती है, वो बढ़कर 29.90 रुपए हो जाएगी। इसी तरह, डीजल पर ड्यूटी 21.80 रुपए से बढ़कर 23.80 रुपए हो जाएगी।
पेट्रोल-डीजल पर ये शुल्क 1 अक्टूबर 2022 से लगाया गया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए पेट्रोल-डीजल के दाम अभी न बढ़ाकर चुनाव के बाद बढ़ाने का फैसला लिया गया है। अगर इसका बोझ आम आदमी पर पड़ता है तो उन्हें पेट्रोल के लिए ढाई रुपए तक ज्यादा चुकाने होंगे।
बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार पेट्रोल-डीजल में एथेनॉल ब्लेंडिंग को बढ़ावा दे रही है। ब्लेंडेड फ्यूल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है। अभी सादा पेट्रोल-डीजल नॉन ब्लेंडेड होता है। एक्स्ट्रा प्रीमियम और स्पीड जैसे पेट्रोल-डीजल ब्लेंडेड रहते हैं। ऐसे में ईंधन में ब्लेंडिंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ये कदम उठाया है। अभी कुल बिकने वाले पेट्रोल-डीजल में लगभग 50 फीसदी नॉन ब्लेंडिंग वाला है।
दिल्ली में अभी पेट्रोल 95.41 रुपए लीटर बिक रहा है। अगर 2 रुपए एक्साइज ड्यूटी बढ़ती है, तो पेट्रोल-डीजल की कीमत 2.50 रुपए तक बढ़ सकती है।
