‘भारत रत्न’ से सम्मानित लता मंगेशकर के निधन पर देश में दो दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। सरकार के सूत्रों ने बताया है कि इस दौरान राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा।
उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। राजनीतिक दलों से लेकर बॉलीवुड से जुड़े दिग्गजों ने उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है। पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर के सम्मान में आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा, मैं भारत की दिवंगत प्रतिमा, भारत रत्न लता मंगेशकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके द्वारा छोड़े गए अरबों प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मैं उस प्रतिभा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करती हूं, जो वास्तव में भारत की कोकिला थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लता मंगेशकर के निधन पर ट्वीट पर लिखा, लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थी।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, भारत रत्न, लता-जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी। राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने भी गायिका के निधन पर श्रद्धांजलि दी है।
