रेप के प्रयास में आरोपी को गिरफ्तार करने गई भरतपुर पुलिस पर 50 से ज्यादा महिलाएं टूट पड़ीं। कुछ युवकों के साथ मिलकर इन महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को पीटा, गालियां दीं और आरोपी को छुड़ा ले गईं। उच्चैन थानाधिकारी सहित 5 पुलिस वाले घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को जैसे ही जीप में बैठाया, गांव वालों ने घेर लिया। गाड़ी के आगे ट्रैक्टर खड़ा कर दी। इसकी सूचना अधिकारियों तक पहुंची तो स्पेशल टीम भेजकर पुलिसकर्मियों को गांव से सुरक्षित निकाला। घटना भरतपुर के उच्चैन थाना क्षेत्र के जुगलापट्टी की है।
थाना अधिकारी राजेश कसाना ने बताया कि जुगलापट्टी के बंटी नाम के युवक पर एक महिला ने रेप के प्रयास की शिकायत दी थी। 16 सितंबर 2021 को उच्चैन थाने में मामला दर्ज कराया गया। 4 जनवरी 2022 को धौलपुर एडिशनल एसपी को जांच सौंप दी गई। आरोपी कई दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही थी, पर सफलता नहीं मिल रही थी। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बंटी अपने घर आया हुआ है। थाना अधिकारी समेत पुलिस जवान गांव पहुंचे और बंटी को गिरफ्तार कर गाड़ी में बैठाया और रवाना होने लगे। तभी एक युवक ने पुलिस जीप के आगे ट्रैक्टर लगा दिया। देखते ही देखते 50 से ज्यादा महिलाएं और पुरुष जीप के पास पहुंचे और घेराबंदी कर जवानों को पीटना शुरू कर दिया।
थाना अधिकारी ने बताया कि भीड़ में मौजूद बच्चे भी पीछे नहीं रहे। महिलाओं ने पुलिस की वर्दी भी फाड़ने की कोशिश की। घायल पुलिसकर्मियों को गांव वालों ने घेर दिया। इसकी सूचना एएसपी अनिल मीणा और नदबई सीओ नीतिराज को दी गई। नीतिराज और क्यूआरटी टीमें मौके पर पहुंचीं और घायल पुलिसकर्मियों को गांव वालों से छुड़ाया। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है।
