
राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व में पिछले दिनों एक तेंदुआ अपने वजन के बराबर हिरण को लेकर पेड़ पर चढ गया। ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा गया। युवा तेंदुए ने हिरण का शिकार किया और उसे मुंह में दबाकर पेड़ पर चढ़ गया। उसने पेड़ के ऊपर ही शिकार को खाया भी।
यह पूरा नजारा टाइगर रिजर्व में घूम रहे टूरिस्ट ने अपने कैमरे में भी कैद कर लिया। टूरिस्ट के लिए यह बेहद रोमांचित करने वाला क्षण रहा। यह घटना सरिस्का में 6 फरवरी की है। ब्रह्मनाथ जोहड़ा के पास युवा तेंदुए को टूरिस्ट ने पहले शिकार करते देखा। इसके बाद तेंदुआ हिरण को लेकर पेड़ पर चढ़ गया। मौके पर मौजूद टूरिस्ट्स ने फोटो व वीडियो बना लिए। टूरिस्ट के शोर शराबे से भी तेंदुए पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। वह अपने शिकार को खाने में मस्त रहा।सरिस्का के एक गाइड ने बताया कि इस तरह का नजारा पहले कभी देखने को नहीं मिला। अलवर जिले के सरिस्का अभयारण्य में 400 से भी ज्यादा तेंदुए हैं। इस कारण बफर जोन में भी तेंदुए खूब दिखाई देते हैं। पिछले दिनों सरिस्का से लगते जंगल में 3 तेंदुओं का शिकार भी हो गया था। एक तेंदुआ मरा मिला था।