मेडिकल जर्नल लैसेंट में दावा किया गया है कि भारत में कोविड से होने वाली मौतों की संख्या 40 लाख से ज्यादा है। इसकी ताजा रिपोर्ट को अनुसार भारत में कोविड से होने वाली मौतों की संख्या आधिकारिक आंकड़े से 8 गुना ज्यादा है। भारत सरकार के आधिकारिक आंकड़े के हिसाब से अब तक देश में कोरोना से 4,89,000 लोगों की मौत हुई है। यदि लैंसेट के दावे को सच माना जाए तो देश में 40 लाख से ज्यादा लोगों की मौत कोरोना से हुई है।
रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि भारत में कोविड-19 से हुई मौतों को दर्ज करने की संख्या बहुत कम थी। 2021 के अंत तक भारत में ही कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुईं हैं और उनकी संख्या करीब 40.7 लाख थी। लैंसेट का ये रिसर्च पेपर शुक्रवार को प्रकाशित हुआ और इसमें कहा गया कि ये आशंका है कि 31 दिसंबर, 2021 तक कोविड-19 के कारण पूरी दुनिया में 1.82 करोड़ लोगों की मौत हुई है, जो दुनिया भर में दर्ज 59 लाख मौतों के आधिकारिक रिकॉर्ड से तीन गुना ज्यादा है। बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन से आंशिक रूप से वित्त पोषित मेडिकल जर्नल लैसेंट में कहा गया है कि 1 जनवरी, 2020 और 31 दिसंबर, 2021 के बीच कोविड-19 से होने वाली कुल मौतों की दुनिया भर में दर्ज संख्या 59 लाख ही थी, जबकि हमारा अनुमान है कि कोरोना महामारी के कारण दुनिया भर में 1.82 करोड़ लोगों की मौत हो गई।
लैंसेट के हिसाब से देशों के स्तर पर भारत में 40.7 लाख, अमेरिका में 11.3 लाख और रूस में 10.7 लाख लोगों की मौत कोविड-19 के कारण हुई। 31 दिसंबर, 2021 तक दुनिया भर में कोरोना से हुई मौतों में भारत की हिस्सेदारी 22. 3 फीसदी रही।
