अजमेर जिले के पुष्कर में अंतराष्ट्रीय होली महोत्सव पूरे परवान पर है। पुष्कर के वराह घाट चौक में ला बेला होली मंडल की ओर से होली महोत्सव का आयोजन 8 से 17 मार्च तक किया जा रहा है। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक और संगीतमय कार्यक्रम देश ही नहीं, दुनिया भर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। इस दौरान बेली डांस और आग के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए जा रहे हैं। शुक्रवार रात को इंडोवायरस 7 और रूट्स ऑफ पुष्कर द मंत्रा ने फ्यूजन म्यूजिक पेश किया। साथ में डांसर्स ने प्रस्तुत दी।
ला बेला होली मंडल के संयोजक आशुतोष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इंडोवायरस 7 एवं रूट्स ऑफ पुष्कर द मंत्रा लान्ज फ्यूजन म्यूजिक पेश किया। पंडित रवि शर्मा ने एक से बढ़कर एक भजन ओर वैदिक मंत्रों की प्रस्तुति दी। मारवाड़ी भाषा के गीतों के बाद इंडोवायरस 7 ने प्रस्तुति दी। इस दौरान देसी और विदेशी पर्यटकों ने जमकर पैर थिरकाए।
17 मार्च तक स्थानीय ढोल, सिंधी ढोल, नासिक के ढोल पर प्रतिदिन स्थानीय युवा वर्ग पारंपरिक गैर नृत्य खेलेंगे। 17 मार्च की रात्रि को वैदिक मंत्रोचार के बीच होलिका दहन ओर प्रहलाद पूजन किया जाएगा। 18 मार्च को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक वराह घाट पर स्थानीय युवक, देसी व विदेशी पर्यटक डीजे की धुनों पर विश्व प्रसिद्ध कपड़ा फाड़ होली खेलेंगे। इसी के साथ होली महोत्सव का समापन होगा।
कोविड-19 की तीसरी लहर के कमजोर पड़ने ओर केंद्र सरकार द्वारा विदेशी हवाई यात्राओं पर पाबंदी हटने के बाद देशी-विदेशी पर्यटकों की आवक बीते दी वर्षो से अधिक हुई है। जिसके चलते कस्बे के सभी छोटे बड़े होटल पर्यटकों से गुलज़ार नजर आने लगे है। होटल व्यवसाइयों के अनुसार आगामी 17 ओर 18 मार्च को आयोजित होने वाले होली मोहत्सव में 4 हजार विदेशी ओर 20 हजार देशी पर्यटकों की आवक के अनुमान लगाए जा रहे है।
