जयपुर घूमने आई नीदरलैंड की महिला से बलात्कार मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम मुरलीधर उर्फ बीजू है। उसे जयपुर के विद्याद्यर नगर से 18 मार्च की शाम को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस जांच में इस केस में कई और खुलासे हुए हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि घटना के बाद उसने पीजी संचालक और गाइड्स को भी इस बारे में बताया था, लेकिन किसी ने इसे अपराध नहीं बताया। उन्होंने कहा कि ये मसाज का पार्ट है। इसके बाद पीड़िता ने अपने ग्रुप मेम्बर्स को घटना की जानकारी दी और उनके कहने पर ही घटना के 12 घंटे बाद मामला दर्ज कराया।
पुलिस पड़ताल में सामने आया की पीजी के बेसमेंट में 16 तारीख को युवती और उसकी बहन ने कॉल करके आयुर्वेदिक मसाज करने वाले मुरलीधर उर्फ बीजू को बुलाया था। शिकायत करने वाली युवती से पहले आरोपी ने उसकी बहन की भी मसाज की थी। इसके बाद पीड़िता ने मसाज करवाई, इसी दौरान उसने पीड़िता के साथ बलात्कार किया। मसाज के बाद आरोपी मुरलीधर पैसा लेकर पीजी से चला गया।
मसाज होने के बाद दोनों बहनों ने मसाज को लेकर चर्चा की। इसमें पीड़ित युवती ने खुद के साथ हुई घटना की जानकारी अपनी बहन और जीजा को दी। इन लोगों ने कई टूरिस्ट गाइडों और पीजी संचालकों से राय ली। सभी ने उन्हें पुलिस के पास जाने से रोका। इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
